प्रतापगढ़ में कावड़ यात्रियों से भरी पिकअप पलटी:घुइसरनाथ धाम से लौट रहे 10 श्रद्धालु घायल, 22 सवार थे; लालगंज ट्रामा सेंटर में इलाज जारी

प्रतापगढ़ में सावन के दूसरे सोमवार पर श्रद्धालुओं से भरा पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। सभी श्रद्धालु बाबा घुइसरनाथ धाम से जलाभिषेक कर लौट रहे थे।

वाहन के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों की तत्परता से राहत कार्य शुरू किया गया और सभी प्रभावित लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

इस हादसे में आधा दर्जन श्रद्धालु गंभीर रूप से चोटिल हो गए, जबकि कई अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। घायलों में से तीन लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। अन्य सभी का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके व अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों के कुशलक्षेम की जानकारी ली और डॉक्टरों को समुचित व त्वरित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

अब मामला विस्तार से पढ़िए –

लालगंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को कांवड़ियों से भरी पिकअप डाला अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में छह कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आईं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

हादसे में सनी भारती (20) पुत्र राम बहादुर, हिमांशु (22) पुत्र ओमप्रकाश और शिवम (19) पुत्र राम बहादुर को गंभीर चोटें आईं। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। वहीं निर्मला साहू (18), पवन (26) पुत्र हरिश्चंद्र और अनिल (26) पुत्र रामलाल भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों में नितेश, अजय, शुभम, सुनील और मुकेश भी शामिल बताए गए हैं।

घुइसरनाथ धाम में जलाभिषेक करने आए थे

मानिकपुर-कुंडा क्षेत्र के साहू माई का पुरवा से कांवड़िए गंगाजल लेकर बाबा घुइसरनाथ धाम में जलाभिषेक करने आए थे। दर्शन और जलाभिषेक के बाद सभी पिकअप डाला से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लालगंज क्षेत्र में डभियार स्थित नटराज पेट्रोल पंप के पास पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। वाहन के पलटते ही उसमें सवार कांवड़ियों में चीख-पुकार मच गई।

घायलों का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे उपजिलाधिकारी

हादसे की सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी ट्रामा सेंटर पहुंचे। उपजिलाधिकारी लालगंज वाचस्पति सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय और क्षेत्राधिकारी राजीव द्विवेदी ने ट्रामा सेंटर पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी ली और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। घायलों का उपचार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *